भानुप्रतापपुर का दंगल, बीजेपी-कांग्रेस प्रत्याशियों का नामांकन:CM भूपेश के साथ आईं सावित्री, रमन सिंह के साथ पहुंचे भाजपा के नेताम

भानुप्रतापपुर का दंगल, बीजेपी-कांग्रेस प्रत्याशियों का नामांकन:CM भूपेश के साथ आईं सावित्री, रमन सिंह के साथ पहुंचे भाजपा के नेताम

भानुप्रतापपुर में होने जा रहे उपचुनाव में अब फुल सियासी एक्शन देखने केा मिलेगा। गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन जमा किया। सबसे पहले दर्जनों गाड़ियों का काफिला लेकर भाजपा के लोग नामांकन जमा करने कलेक्टर दफ्तर गए। इसके बाद बारी आई कांग्रेसियों की। पुलिस का खास बंदोबस्त था। शहर से होते हुए कांग्रेसियों का समुह नामांकन जमा करने गया।भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों और उम्मीदवारों को लेकर उनके समर्थकों ने जो बंदोबस्त किया था वो रोचक रहा। भाजपा के ब्रह्मानंद नेताम जो पहले भी भानुप्रतापपुर सीट से विधायक रह चुके हैं उन्हें छोटे मालवाहक में सवार कराया गया। फूलों से सजी इस गाड़ी में कांकेर के सांसद मोहन मंडावी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी सवार थे।

दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी पूरी तैयारी कर रखी थी। अपनी प्रत्याशी सावित्री मंडावी को फूलों से सजी लग्जरी ओपन (खुली छत वाली) SUV में चढ़ाया गया। आगे की सीट पर खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खड़े थे, मानों सावित्री के सियासी रण में सारथी की भूमिका निभा रहे हों। इसी गाड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भी साथ ही थे। विधायक विकास उपाध्याय समेत बड़ी तादाद में कांग्रेसी नेता रायपुर से पहुंचे थे। जो सावित्री के जीत के नारे लगा रहे थे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी सावित्री मंडावी जीतेंगी। कांग्रेस ने दिवंगत मनोज मंडावी को श्रद्धांजली के रूप में सावित्री मंडावी को पार्टी का प्रत्याशी बनाया है। सावित्री मंडावी उच्च शिक्षित और संवेदनशील महिला हैं। मनोज मंडावी के जनकल्याणकारी कार्यों में अर्धांगिनी के रूप में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। भानुप्रतापपुर की जनता अपने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि के रूप में सावित्री मंडावी के पक्ष में मतदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *