छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के चूहे वाले बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बालोद जिले में भी कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता बयान के विरोध में उतर आए हैं। शुक्रवार शाम जिले के गुरूर में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने डॉ रमन सिंह का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने बीजेपी और रमन सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
यूथ कांग्रेस के दिग्गज नेता सुमित राजपूत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर अनर्गल बयानबाजी कर उनका अपमान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री को ये सब शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि रमन सिंह को ये बात हजम नहीं हो रही है कि भूपेश बघेल जी छत्तीसगढ़िया नेता के रूप में अव्वल दर्जे पर उभरे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नई क्रांति ला दी है। युवक कांग्रेस बालोद के कार्यकर्ताओं ने रमन सिंह को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इस तरह की बयानबाजी दोबारा की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।