कर्नाटक के मंगलुरु में शनिवार को एक ऑटो में हुए ब्लास्ट मामले में आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी का नाम मोहम्मद शरीक है और वह 24 साल का है। दरअसल, धमाके में ऑटो ड्राइवर और एक पैसेंजर घायल हो गए थे। जांच में पुलिस को पता चला कि यह पैसेंजर मोहम्मद शरीक है, जिस पर पहले से ही टेरर लिंक के कई केस चल रहे हैं। मंगलुरु ब्लास्ट भी उसी ने किया है।
रविवार को पुलिस के फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी डिवीजन मैसूर के पास मदहल्ली में शरीक के घर पहुंची, जो उसने किराए पर लिया था। यहां से टीम को विस्फोटक बनाने का सामान मिला है। इसमें जिलेटिन पाउडर, सर्किट बोर्ड, बैटरी, मोबाइल, लकड़ी का चूरा, एल्यूमीनियम मल्टी मीटर, तार, बोल्ट और प्रेशर कुकर शामिल हैं।
टीम को उसके घर से दो फर्जी आधार कार्ड, एक फर्जी PAN कार्ड और एक FINO डेबिट कार्ड मिला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और विस्फोटक बनाने की तैयारी में था। उसने यह घर पिछले महीने किराए पर लिया था। मकान मालिक को उसने बताया था कि वह मोबाइल रिपेयरिंग की ट्रेनिंग लेने के लिए शहर में आया है।
शरीक को इससे पहले मंगलुरु की दीवारों पर आतंक भरे संदेश लिखने के लिए UAPA के तहत गिरफ्तार किया गया था। वह इस केस में जमानत पर बाहर था।