पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 2 जवान घायल:

पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 2 जवान घायल:

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार की शाम एक बार फिर से पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ चल रही है। बताया जा रहा है कि, जंगल में दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। इस मुठभेड़ में मोर्चा संभालते हुए एक इंस्पेक्टर और एक जवान नक्सलियों के लगाए स्पाइक होल की चपेट में आने से घायल हो गए हैं। दोनों को मौके से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मामला जिले के उसूर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि, गलगम समेत आस-पास के इलाके में भारी संख्या में माओवादी मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर DRG, CRPF और कोबरा बटालियन के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था। जवान नेलाकांकेर, टेकमेटला, भुसापुर की सर्चिंग करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस बीच पहले से ही घात लगाए बैठे माओवादियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला लिया है।

बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलीबारी चल रही है। नक्सलियों ने इलाके में भारी संख्या में स्पाइक्स होल और IED भी बिछा रखी है। एक इंस्पेक्टर और एक जवान मोर्चा संभालते वक्त नक्सलियों के लगाए इस स्पाइक्स होल की चपेट में आ गए हैं। जो गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं। दोनों घायलों को मौके से निकालने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल अंदरूनी और नेटवर्कविहीन इलाका होने की वजह से ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *