प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां हीराबा की सेहत की जानकारी लेकर अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल से निकल चुके हैं। वे करीब एक घंटे 20 मिनट अस्पताल में रहे। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत की। अस्पताल में उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के कुछ अन्य मंत्री भी मौजूद थे।
भाजपा के राज्यसभा सांसद जुगलजी ठाकोर ने बताया कि प्रधानमंत्री मां हीराबा की तबीयत को लेकर चिंतित थे, लेकिन डॉक्टरों से बातचीत के बाद वे सीधे दिल्ली के लिए निकल गए। ठाकोर ने दावा किया कि हीराबा को अगले दो-तीन दिन में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है।
इससे पहले मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद हीराबा को अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। अस्पताल ने बुधवार दोपहर को हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया कि हीराबा की तबीयत अब स्थिर है।