छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात के लिए बुधवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा के ग्राम बेलपान पहुंचे। उन्होंने यहां रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) की गतिविधियों का जायजा लिया। सीएम ने रीपा स्थल पर पीपल के पौधे का रोपण भी किया। तेजी से विकसित हो रहे रीपा में 8 युवा उद्यमी वेल्डिंग, सिलाई, कूलर मेकिंग, स्लीपर मेकिंग, सीमेंट पोल और लोहे के उपकरण बनाने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने भेंट-मुलाकात अभियान के क्रम में विधानसभा क्षेत्र तखतपुर के अंतर्गत बेलपान में तेजी से विकसित किए जा रहे ग्रामीण औद्योगिक पार्क का अवलोकन किया। यहां भोजनालय और स्टेशनरी मार्ट का व्यवसाय भी होगा। इसके लिए 8 व्यक्तिगत हितग्राहियों को 7.50 लाख रुपए का बैंक लोन भी स्वीकृत किया गया है और लगभग 3 लाख रुपए की सब्सिडी दी गई है।CM ने स्वसहायता समूह की महिला सदस्यों के आग्रह पर उनके द्वारा निर्मित कोसा जैकेट को भी पहना और लाभान्वित हितग्राहियों से बात भी की। बेलपान में 6 महिला स्वसहायता समूह द्वारा मसाला, वर्मी खाद, गोबर बिक्री, मशरूम उत्पादन एवं प्रोसेसिंग फ्लाई ऐश ब्रिक्स और सब्जी, बड़ी का काम भी किया जाएगा। रीपा के स्थापित होने से ग्रामीण उद्यमियों को और स्वसहायता समूह की महिलाओं को रोजगार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।