नवा रायपुर परसदा स्टेडियम में मैच खत्म होने के दो घंटे बाद तक नवा रायपुर से तेलीबांधा तक ट्रैफिक लगभग रेंगता रहा। हजारों वाहन एक के बाद एक स्टेडियम ऐसे निकले जैसे एक ही काफिले के हैं। शहर आने वाले ट्रैफिक को प्रमुख रुप से दो रुट में बांटा गया था। एक रास्ता स्टेडियम से मंदिर हसौद रोड पहुंचने वाला था। दूसरा सेंध लेक से नवा रायपुर होते हुए शहर पहुंचने वाला था।
दोनों रास्ते से आने वाले वाहन वीआईपी रोड तिराहे पर फंसे। अफसरों ने अतिरिक्त बल लगाया था। इस वजह से यहां भी लंबा जाम नहीं लगा अलबत्ता ट्रैफिक रेंगता हुआ आगे बढ़ गया। राज्य में आयोजित पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में 44 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंचे थे। स्टेडियम परिसर से लेकर सड़क तक करीब 15 हजार से ज्यादा कारें और बाइक पार्क थीं। मैच जल्दी खत्म हो गया, इस वजह से सभी दर्शक एक साथ निकले। इसी वजह से स्टेडियम के बाहर ही सबसे पहले जाम की स्थिति बनी।