दिल्ली की तर्ज पर नवा रायपुर में एयरोसिटी बसाने के लिए जमीन की तलाश पूरी हो चुकी है। एनआरडीए ने इसके लिए नवा रायपुर के बरौदा और रमचंडी गांव की 216 एकड़ जमीन का चयन कर लिया है। एनआरडीए सबसे पहले 25 एकड़ जमीन पर एयरोसिटी बनाएगा। यहां पर फाइव स्टार होटल, शापिंग मॉल, कैफे, रेस्टारेंट, आफिस, पार्क, जॉगिंग स्पेस, साइकिल ट्रैक, हट, फाइनेंस कंपनियों के आफिसेस और फूड जोन बनाए जाएंगे। वहीं, दूसरी तरफ हर मौसम में फूल और हरियाली नज़र आए, ऐसे गार्डन विकसित किए जाएंगे।
इसके साथ ही यहां लोगों के रहने के लिए आवास का निर्माण भी किया जाएगा। एयरोसिटी बन जाने से नवा रायपुर की देश में अलग पहचान होगी। शासन ने पहले फेज के लिए एनआरडीए को सहमति दे दी है। एनआरडीए के अफसरों की मानें तो एयरोसिटी बनने से आस-पास का इलाका डेवलप हो जाएगा, लोगों को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। नवारायपुर के बरौदा और रमचंडी गांव में 216 एकड़ जमीन में तकरीबन 60 फीसदी जमीन एनआरडीए की है, वहीं 40 फीसदी जमीन किसानों की है।
शासन से एयरोसिटी की अनुमति मिलने के बाद एनआरडीए टाउन डेवलपमेंट स्कीम के तहत किसानों की जमीन लेकर इसमें सड़क, नाली, पार्क, बिजली आदि बनाकर इसे डेवलप करेगा। किसानों से जो जमीन ली जाएगी, लैंड डेवलप करने के बाद एनआरडीए उसमें से कुछ हिस्सा किसानों को लौटाएगा। फिर वे अपनी जमीन स्वयं बेच सकेंगे या खुद व्यापार कर सकेंगे। एनआरडीए ने इसके लिए शासन की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलते ही एनआरडीए वहां के किसानों से दावा आपत्ति मंगवाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।