चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर आज भी माहौल तनावपूर्ण रहा। आज फिर सिख संगठनों के 31 मेंबरों के जत्थे ने चंडीगढ़ में घुसने की कोशिश की। उन्होंने पंजाब CM भगवंत मान के घर की तरफ कूच किया था। जिन्हें पुलिस ने रोक लिया है। जिसके बाद सिख संगठन वहीं सड़क पर बैठ गए और पाठ शुरू कर दिया।
पाठ समाप्त होने के बाद जत्थे ने चंडीगढ़ जाने की रखी मांग, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं मिली। इसके बाद जत्था दोबारा पाठ करने बैठ गया। लगभग आधा घंटा पाठ करने के बाद जत्था नारेबाजी करते हुए वापस वहां लौट गया, जहां 7 जनवरी से उनका धरना चल रहा है।कल प्रदर्शनकारियों ने रोके जाने पर पुलिस वालों को तलवार और डंडों से पीटा था। चंडीगढ़ में दर्ज FIR में पुलिस का दावा है कि उनके हथियार और टियर गैस गन भी लूटी गई। पुलिस ने यह भी कहा कि धरना देने वालों में 12 प्रो खालिस्तानी संगठन है। जिन्होंने खालिस्तान समर्थक नारे भी लगाए। पुलिस ने प्रदर्शन के प्रबंधकों पर हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज किया है।