प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज त्रिपुरा में हैं। उन्होंने राधाकिशोरपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने लेफ्ट और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- दोनों पार्टियों ने युवाओं के सपने तोड़ दिए। इससे उन्हें अपना राज्य छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी और त्रिपुरा में तेजी से विकास होगा। इसके बाद PM नरेंद्र मोदी ने गोमती में रोड शो किया।PM ने राधाकिशोरपुर में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिपुरा के लोगों से मेरा वादा है कि त्रिपुरा में फिर से भाजपा सरकार बनने पर विकास में और तेजी आएगी। आपके सपने साकार होंगे। भाजपा को दिया एक-एक वोट अनमोल है। आपके वोट की शक्ति आपका और आपके बच्चों का भविष्य सुरक्षित करेगा।
पीएम ने कहा- आपने वामपंथियों को हटाया तो उसका नतीजा भी आपके सामने है। आज त्रिपुरा को मुफ्त राशन मिल रहा है, पूरा राशन मिल रहा है। इससे अगर सबसे ज्यादा फायदा किसी को हुआ है तो मेरी माताओं-बहनों को हुआ है। हमने तीन लाख गरीब परिवारों को पक्के घर दिए हैं। मैं आज आपसे एक वादा करता हूं कि जिस भी गरीब को अब तक पक्का घर नहीं मिला है। उन्हें भी भाजपा सरकार बनने के बाद घर देने का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।