छत्तीसगढ़ के लिए सर्दियों का मौसम विदा हो रहा है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पिछले 10 साल से फरवरी में तापमान इसी तरह घट-बढ़ रहा है । इन 15 दिनों में राजधानी का सबसे न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा है। 10 सालों में इससे पहले ऐसा केवल चार बार हुआ है।
मौसम विभाग की माने तो रायपुर में फरवरी महीने का अभी तक का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस है। इसे आज से 130 साल पहले यानी 9 फरवरी 1893 को दर्ज किया गया था। उसके बाद से फरवरी महीने में इतनी ठंड कभी नहीं पड़ी। पिछले 10 सालों में सबसे अधिक ठंड 2 फरवरी 2021 को दर्ज हुई थी। उस दिन रायपुर का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस था। इस बीच सबसे गर्म साल 2016 रहा। उस साल फरवरी का न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो 6 फरवरी को दर्ज हुआ था। 2017 में यह 15.5 डिग्री, 2018 में 14.4 और 2013 में 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है।