कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन के अंतिम दिन होने वाली बड़ी जनसभा अब कृषि महाविद्यालय के सामने स्थित जोरा के खाली मैदान में होगी। यह सभा पहले पुरखौती मुक्तांगन के पास स्थित मैदान में प्रस्तावित थी। आयोजन समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल, तारिक अनवर, प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को नया मैदान देखकर इसको फाइनल किया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल और तारिक अनवर सुबह रायपुर पहुंच गए। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने उनका हवाई अड्डे पर स्वागत किया। वहां से उनको वीआईपी रोड स्थित एक होटल ले जाया गया है। वहां से आयोजन की तैयारियों के संबंध में बातचीत के बाद सभी लोग आयोजन स्थल मेला ग्राउंड नवा रायपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, डॉ. शिव डहरिया भी उनके साथ हो लिए।