बस्तर के अलग-अलग इलाके में पिछले 10 दिन में भाजपा के तीन नेताओं की हत्या के विरोध में शुक्रवार को पार्टी उबल गई और बस्तर को छोड़कर प्रदेश के 78 विधानसभा क्षेत्रों में जमकर प्रदर्शन किया और करीब 400 स्थानों पर एक साथ चक्काजाम कर दिया। पार्टी के नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। रायपुर में भगत सिंह चौक पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह फाफाडीह चौक पर और रायपुर सांसद सुनील सोनी ने रिंग रोड नंबर 1 पर चक्काजाम किया।
प्रदर्शन के दौरान रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की गाड़ी को भी रोक दिया। इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। मरकाम को पुलिस ने अलग रास्ते से बाहर निकाला। बता दें कि बस्तर के जिला मंत्री बुधराम करटाम, बीजापुर जिले के मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम, नारायणपुर जिला उपाध्यक्ष सागर साहू और दंतेवाड़ा में पूर्व सरपंच रामधर अलामी की हत्या के विरोध में भाजपा ने एक ही समय में पूरे प्रदेश में प्रदर्शन और चक्काजाम किया है।