छत्तीसगढ़ में कई कांग्रेस नेताओं के घर पर सोमवार सुबह ED( प्रवर्तन निदेशालय) ने रेड मारी है। इसमें विधायक से लेकर पदाधिकारी भी शमिल हैं। टीम अचानक सुबह पहुंची थी। जिसके बाद से जांच जारी है। उधर, इस रेड का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। कई जगह पर कांग्रेस नेता सड़क पर उतर गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। महापौर, सीनियर विधायक समेत कई नेता अलग-अलग जगह इस विरोध की कमान संभाल रहे हैं।
रायपुर में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी के घर पर भी ईडी ने दबिश दी है। इसी के विरोध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, रायपुर ग्रामीण से कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ तिवारी के घर पहुंच हुए हैं। इस दौरान गिरीश दुबे की ईडी के अधिकारियों से बहस हुई है। गिरीश ने कहा कि अंदर जो घर के लोग हैं। उन्हें परेशानी नहीं होनी चाहिए। हमारी माता जी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसा हुआ तो हम एक से डेढ़ हजार लोग अंदर घुस जाएंगे।