नई दिल्ली में शुक्रवार को दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भूपेश बघेल की मुलाकात हुई। 30 मिनट की मुलाकात में लाइट मेट्रो सर्विस, जनगणना समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के होली वाले अंदाज की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आपके फाग और होली का अंदाज देखा। आप अपने साथियों के साथ होली मना रहे थे, हमने फाग गाते हुए देखा आपको। इस दौरान भूपेश बघेल ने भी PM मोदी को होली की बधाई दी है।
मुलाकात के बाद बाहर आकर होली वाले वाक्ये के बारे में खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया काे जानकारी दी। इस मुलाकात में CM बघेल ने जनगणना जल्द कराने, जीएसटी क्षतिपूर्ति, कोल रॉयल्टी सहित कई लंबित मांगों पर प्रधानमंत्री से चर्चा की है।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राजकीय पशु वन भैंसे का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। भूपेश बघेल ने बताया, प्रधानमंत्री से जल्द जनगणना कराए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि 2011 के बाद जनगणना नहीं होने से हितग्राहियों के चयन में दिक्कत आ रही है। कई पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा था।