विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 10 विकेट से हरा दिया। डीवाई पाटिल स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए। जवाब में कैपिटल्स ने 7.1 ही ओवर में बगैर विकेट गंवाए टारगेट हासिल कर लिया।
दिल्ली से शेफाली वर्मा ने 19 बॉल में फिफ्टी जड़ी। उन्होंने 28 बॉल में 76 रन बनाए। पहली पारी में मारियन कैप ने 5 और शिखा पांडे ने 3 विकेट लिए। इस जीत के साथ दिल्ली ने 6 पॉइंट लेकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं, गुजरात 4 मैचों में एक जीत के बाद 2 पॉइंट्स लेकर चौथे स्थान पर है।
106 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली को शेफाली वर्मा और मेग लेनिंग ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने 3 ओवर में 34 रन जोड़ने के बाद एश्ले गार्डनर के ओवर में 23 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने पारी के पांचवें ओवर में 19 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। यह WPL में उनकी दूसरी फिफ्टी है। 6 ओवर की समाप्ति पर टीम ने बगैर विकेट खोए 87 रन बना लिए।
शेफाली 76 रन के स्कोर पर नाबाद रहीं। वहीं कप्तान मेग लेनिंग ने विनिंग शॉट लगाया और 15 बॉल में 21 रन के स्कोर पर नाबाद लौटीं।