खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में लंदन में भारतीय हाई कमीशन में तोड़फोड़ की गई। रविवार शाम को सैंकड़ों की संख्या में खालिस्तान समर्थक हाई कमीशन के बाहर जमा हुए। बिल्डिंग में घुसे और तिरंगा उतार दिया।
खालिस्तान समर्थकों के हाथ में खालिस्तानी झंडा और अमृतपाल सिंह के पोस्टर थे। पोस्टर्स पर लिखा, ‘फ्री अमृतपाल सिंह’ (अमृतपाल सिंह को आजाद करो), ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ (हमें न्याय चाहिए) और ‘वी स्टैंड विथ अमृतपाल सिंह’ (हम अमृतपाल के साथ हैं)। एक शख्स को ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ कहते हुए भी सुना गया। उधर, भारत ने इस पर सख्त एतराज जताया और दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया।दरअसल, अजनाला थाने पर हमले के आरोपी अमृतपाल को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने पिछले तीन दिन से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चला रखा है। पुलिस ने रविवार को अमृतपाल के 34 और साथियों को गिरफ्तार किया। अब तक पुलिस 114 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूरे सूबे में फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं। वहीं अमृतपाल के समर्थकों ने दावा किया कि उसे देर रात पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया है।