बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड में स्थापित श्री सीमेंट उद्योग ने गोबर खरीदी के लिए सहमति दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में गोबर खरीदी के लिए श्री सीमेंट और जिला प्रशासन बलौदाबाजार-भाटापारा के बीच MoU (Memorandum of understanding) हुआ।
कोयले की जगह ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए श्री सीमेंट प्रतिदिन 10 मीट्रिक टन गोबर खरीदेगा। एडिशनल फ्यूल रिर्सोसेज के रूप में गोबर का उपयोग भट्टी को गर्म करने में कोयले के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा रजत बंसल और श्री सीमेंट के रवि तिवारी भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बताया कि श्री सीमेंट के सबसे समीप के गांव चण्डी में गोबर अन्य स्थानों से एकत्र कर कंपनियों को दिया जाएगा। गोबर की पूर्ति सीमेंट उद्योग के 15 किलोमीटर के परिधि वाले 16 गांव से रोजाना 10 मीट्रिक टन गोबर प्रदाय किया जाएगा। कम्पनी को अब तक 38.8 मीट्रिक टन गोबर प्रदाय किया जा चुका है।