: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से सक्रिय हुआ है। शुक्रवार से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। वहीं वनांचल इलाकों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। जिसके चलते नदी-नाले लबालब हो गए हैं। इधर मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बना हुआ है। वहीँ चक्रवात के असर से जिले में मानसून फिर से सक्रिय हुआ है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। शुक्रवार को महासमुंद व पिथौरा क्षेत्र में ज्यादा बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान भी कम हुआ है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 7 जुलाई को महासमुंद विकाशखंड में 12 मिमी, सरायपाली में 3.8, बसना 5.5, पिथौरा 12 मिमी, बागबाहरा में 2.8 मिमी बारिश हुई। एक जून से अब तक महासमुंद विखं में 394 मिमी, सरायपाली में 236.8, बसना में 156.3, पिथौरा में 244 और बागबाहरा में 218 मिमी बारिश हो चुकी है। सबसे ज्यादा बारिश महासमुंद विकासखंड में ही हुई है। जिले में कुल औसत बारिश 250 मिमी हुई है।
जुलाई माह में सात जुलाई की स्थिति में औसत 260 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष औसत से अब तक 12 फीसदी कम बारिश जुलाई माह में हुई है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।