लगातार भारी बारिश के चलते पंजाब के कई इलाकों में स्थिति काफी भयावह हो गई है। मौजूदा हालत को देखते हुए पंजाब सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों में 13 जुलाई तक छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। कई दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण राज्य में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने आदेश देते हुए कहा कि सभी सरकारी, एडेड, मान्यता प्राप्त और प्राइवेट स्कूल बंद किये जाएं। मोहाली में बिगड़े हालात काबू करने के लिए सेना को मदद के लिए बुलाया गया है। राज्य के सीएम भगवंत मान भी जाएजा लेने के लिए फिल्ड में उतर चुके हैं। इस बीच होम मिनिस्टर अमित शाह ने मुख्यमंत्री मान से बात की और भारी बारिश से राज्य को हुए नुकसान की जानकारी ली। साथ हीं उन्होंने केंद्र के तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया है।भारी बारिश के कारण पंजाब में बहुत से स्थानों पर रेल ट्रैक भी पानी में डूब गए हैं। जलजमाव के कारण रेलवे द्वारा पंजाब में सरहिंद-नंगल डैम और चंडीगढ़-साहनेवाल रेलखंड की गाड़ियां रद्द कर दी गई। जम्मू-तवी, अमृतसर और फिरोजपुर आने-जाने वाली गाड़ियों के रूट भी बदले हैं। वहीं, लोगों को घर से ना निकालने और सफर न करने की सलाह दी गई है। वहीं मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पांच उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। जिस कारण लोगों को यात्रा करने में काफी परेशानी हो रही है।