हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा गुरुग्राम, पलवल, दिल्ली, राजस्थान सहित यूपी तक फैल गई है। नूंह में कर्फ्यू जारी है। उपद्रव को देखते हुए जिला उपायुक्त प्रशांत पंवार ने धारा 144 लागू कर दी। आज भी इंटरनेट सेवा बंद है। इस बीच नूंह पुलिस ने हिंसा में शामिल अराजक तत्वों के खिलाफ एक्शन शुरू कर दिया है। नूंह में हिंसा के मामले में अब तक 41 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस मामले में 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। करीब 150 लोगों से पूछताछ की गई है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।