दुर्ग बाइपास टोल प्लाजा में अंतत: निजी वाहन नान कमर्शियल सीजी-07 को टोल टैक्स फ्री कर दिया गया है। अब सीजी-07 कार चालक आरक्षित लेन 1 और 8 से निशुल्क आवागमन कर सकेंगे। यानी दुर्ग से राजनांदगांव जाने वाले कार चालक लेन 8 से और राजनांदगांव से दुर्ग आने वाले कार चालक लेन 1 से फ्री आना जाना कर सकेंगे। लेकिन उपरोक्त लेन के अतिरिक्त किसी अन्य लेन का उपयोग करने पर नियम अनुसार देय टोल शुल्क का (फास्टैग के माध्यम से) भुगतान स्वत: संपन्न हो जाएगा।जिला कांग्रेस कमेटी भिलाईनगर के अध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर सीजी-07 सीरिज की छोटी गाड़ियों को दुर्ग बाइपास टोल प्लाजा में टोल फ्री करने के लिए लंबे समय से मुहिम छेड़े हुए थे। उसका नतीजा आ गया। दुर्ग बाइपास टोल प्लाजा की ओर से आखिरकार टोल फ्री संबंधी सूचना लगा दी गई है। सीजी 07 वाहन चालकों को टोल प्लाजा में टोल फ्री होने से बड़ी राहत मिली है। यह मांग एक लंबे अर्से से यहां के रहवासी वाहन चालक कर रहे थे।