गुजरात की आर्थिक राजधानी सूरत में रविवार को जैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व की सबसे बड़ी ऑफिस बिल्डिंग ‘सूरत डायमंड बुर्स’ का उद्घाटन करेंगे, उसी के साथ सूरत के इतिहास के पुनर्जीवित होने की शुरुआत हो जाएगी। 16वी-17वीं शताब्दी के इतिहास के पन्नों में सूरत वैश्विक व्यापार का बड़ा केन्द्र था, 84 देशों के लोग यहां व्यापार के लिए आते थे। अब सूरत डायमंड बुर्स के शुरू होने से कहानी फिर दोहराई जाएगी। सूरत के डायमंड बुर्स में हीरों और ज्वैलरी की खरीदी के लिए दुनिया के 175 देशों के लोग यहां आएंगे। इसके लिए सूरत के एयरपोर्ट को भी अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का दर्जा दे दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को नए टर्मिनल का भी उद्घाटन करेंगे।