नए साल की शुरुआत के साथ ही सर्दी और कोहरे का डबल अटैक भी शुरु हो गया है। 3 जनवरी (बुधवार) के लिए बुलेटिन जारी करते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आज पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, में आज भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड में अगले 48 घंटों के दौरान घना से बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है। 3 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर पूर्व भारत में घना कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।