एक्सपोसैट सैटेलाइट की लॉन्चिंग से नए साल की शुरुआत करने के बाद इसरो अब बदलते मौसम पर नजर रखने के लिए इनसेट-3डीएस सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी में जुटा है। इसरो के वैज्ञानिकों ने बताया कि यह उपग्रह सबसे एडवांस रॉकेट ‘जियोसिंक्रोनस लॉन्च व्हीकल’ (जीएसएलवी-एफ 14) के जरिए फरवरी के पहले हफ्ते में लॉन्च किया जाएगा।इनसेट-3 डीएस इसरो और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) का संयुक्त मिशन है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदलता रहता है। कहीं बारिश होती है तो कहीं मौसम सूखा रहता है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कई बार चक्रवाती तूफान आते हैं। जलवायु परिवर्तन की समस्या से भारत भी जूझ रहा है। ऐसे में अंतरिक्ष में सैटेलाइट के जरिए मौसम के छोटे से छोटे बदलाव पर नजर रखी जा सकती है। इनसेट-3डीएस अंतरिक्ष में क्लाइमेट ऑब्जर्वेटरी के रूप में काम करेगा।