झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से लगातार नोटिस देने के बावजूद पेश न होने और न ही उसका जवाब देने के कारण ED की टीम आज सुबह-सुबह उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंच गई। ईडी की टीम पहुंचने के बाद हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, सोरेन आवास में ही मौजूद हैं और अगर ED को जरुरत महसूस हुई तो वह आज उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कथित जमीन घोटाले के मामले में शक के घेरे में हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि सोरेन ने खुद पूछताछ के लिए एजेंसी को वक्त दिया था या फिर अचानक उनके आवास पर छापेमारी की गई है। इससे पहले 20 जनवरी को रांची में ईडी ने सोरेन से उनके आवास में सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झामुमो के कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से सड़कों पर निकलकर आक्रोश जाहिर कर रहे हैं। इसको देखते हुए रांची में भी सोरेन के आवास के आसपास सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है। वहीं, दिल्ली में शांति निकेतन स्थित उनके आवास पर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती को देखते हुए सोरेन की गिरफ्तारी की आशंका भी जाहिर की जा रही है।