रूस की राजधानी मॉस्को के पास क्रोकस सिटी कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार रात आतंकी हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। हमले में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। हमले के समय स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 9.32 बजे म्यूजिक कॉन्सर्ट चल रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक कॉन्सर्ट के बीच तीन से चार हमलावर घुस आए और स्वचालित हथियारों से गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इसमें दर्जनों लोग मारे गए। इसके बाद कई धमाके हुए। इससे इमारत का एक हिस्सा ढह गया और आग लग गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची स्वॉट टीम ने मोर्चा संभाल लिया है।
स्वॉट टीम हॉल से लोगों को निकालने में जुटी थी। मौके से 100 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक बना लिया है। हालांकि बंधकों को लेकर स्थिति साफ नहीं है, इस कारण सुरक्षा बलों ने कॉन्सर्ट हॉल में प्रवेश नहीं किया है।
घटना के बाद रूसी पुलिस और एलीट कमांडो यूनिट पहुंच गई है। हमले के कारण सिटी हॉल में लगी आग को हेलिकॉप्टर की मदद से बुझाया जा रहा है। इस हमले की जिम्मेंदारी आतंकी संगठन आईएसआईएस ने ली है।