मार्च माह में ही 40 डिग्री के पार पहुंच गया है कई स्थानों का तापमान

मार्च माह में ही 40 डिग्री के पार पहुंच गया है कई स्थानों का तापमान

मध्य प्रदेश में मार्च माह में आमतौर पर ज्यादा गर्मी नहीं पड़ती है, लेकिन मार्च के आखिरी सप्ताह में गर्मी रौद्र रूप दिखाने लगी है। बुधवार को रतलाम और दमोह में मार्च की पहली लू जैसी स्थिति रही। नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में छह स्थानों पर तापमान 40 डिग्री पार कर गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रहा। मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से आंशिक बादल भी दिखाई दे रहे हैं। दो दिन तापमान बढ़ेगा। 30-31 को बौछारें पड़ेंगी।भोपाल में इन दिनों शहरवासी गर्मी से बेहाल है। तीखी धूप के कारण दिन में तो लोगों को तेज गर्मी का सामना करना ही पड़ रहा है। इसके साथ ही रात में भी आंशिक बादलों के कारण उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। इस सीजन में बुधवार का दिन जहां सबसे गर्म रहा, वहीं 24 साल में पहली बार न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री को पार कर गया। ऐसे में लोगों को रात में भी तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। इस समय शहर में गर्मी का प्रभाव दिखाई दे रहा है। दिन में आंशिक बादलों साथ-साथ धूप के चलते उमस भरी गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। बुधवार को शहर के अधिकतम तापमान में जहां डेढ़ डिग्री तक बढ़ोतरी हुई वहीं न्यूनतम तापमान भी ढाई डिग्री तक बढ़ गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम 25.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.3 और न्यूनतम 22.6 डिग्री था। पिछले 24 सालों में यह पहला मौका है, जब न्यूनतम तापमान 25 डिग्री को पार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *