इंदौर. मेट्रो ट्रेन की राह देख रहे इंदौरवासियों के लिए अच्छी खबर है। शहीद पार्क से टीआइ मॉल के बीच 5.34 किमी के ट्रैक का काम शुरू हो गया है। अब मेट्रो का काम शहर के पूर्वी क्षेत्र से मध्य की ओर बढ़ेगा। इसके लिए रणनीति बनाई गई है कि जहां साइट क्लीयर है, वहां तेजी से काम किया जाएगा। जिला प्रशासन बाधाएं दूर करेगा।
मेट्रो ट्रेन के पहले चरण में गांधी नगर से सुपर काॅरिडोर, विजय नगर, रिंग रोड होते हुए शहीद पार्क तक एलिवेटेड ट्रैक तैयार हो गया है। सुपर कॉरिडोर के छह किमी हिस्से में ट्रायल रन भी कर लिया गया है। आगे पटरी बिछाने का काम भी रफ्तार से जारी है। शहीद पार्क से कनाडि़या रोड, पत्रकार कॉलोनी, पलासिया होते हुए टीआइ मॉल तक एलिवेटेड ट्रैक तैयार होना है। मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने रेलवे विकास निगम लिमिटेड और युआसी को ज्वाइंट वेंचर में 5.34 किमी का काम 543 करोड़ रुपए में दिया है। ठेका मिलने के बाद दोनों कंपनियों ने काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में कुछ स्थानों पर मिट्टी परीक्षण भी हो गया है। रोबोट से बंगाली चौराहे तक कोई दिक्कत नहीं है। यहां काम की गति तेज रहेगी। इस मार्ग पर बाधाएं कम हैं। सिर्फ बंगाली चौराहे के पास मोड़ में चार मकान आ रहे हैं, जिसे लेकर कंपनी और ठेकेदार प्रयास कर रहे हैं कि कम से कम निजी जमीन लेने की जरूरत पड़े। पूर्व में तय हुए नक्शे में भी आंशिक संशोधन किया गया है। प्रयास है कि बहुत कम समय व जनता को कम तकलीफ देकर एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाए।