सोमवार को आईपीएल 2024 के 14वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। ये इस सीजन 14 में सिर्फ दूसरी बार हुआ है, जब होम ग्राउंड पर खेल रही टीम को हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चिन्नास्वामी में कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 125 रन बनाए। 126 रन के लक्ष्य को राजस्थान रॉयल्स ने सिर्फ 4 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल को क्वेना मफाका ने पहले ओवर में ही चलता कर दिया। इसके बाद आकाश माधवाल ने जोस बटलर को पवेलियन की राह दिखाई। कप्तान संजू सैमसन भी 48 के कुल स्कोर पर 12 रन बनाकर आउट हो गए। रियान पराग ने अश्विन और शुभम दुबे के साथ मिलकर शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और राजस्थान रॉयल्स को आसान जीत दिला दी। ये राजस्थान की लगातार तीसरी जीत है और वह अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है।