पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम होने और द्रोणिका के असर से शुक्रवार को बिलासपुर समेत आसपास के क्षेत्र के तापमान में बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग ने तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को सुबह की शुरुआत तेज धूप से हुई। घरों में कूलर-एसी चलने लगे हैं।
आसमान साफ रहा। इसके बाद दिनभर तेज धूप निकली रही। इसके साथ ही सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों को अन्य दिनों की अपेक्षा गर्मी का अहसास हुआ। दिन में धूप की तपिश बढ़ने के कारण सड़क से गुजरने वालों को चेहरे ढांककर निकलते देखा गया। शाम 5 बजे तक लोगों को धूप की तपिश अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक लगी। द्रोणिका के प्रभाव के कारण अधिकतम तापमान मेंबढ़ोतरी हुई। सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहने के साथ अधिकतम तापमान40.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहने के साथ न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा।