लोकसभा चुनाव मुहाने पर है और बीजेपी इस चुनाव में ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे साथ मैदान में है। दूसरी ओर तमाम विपक्षी पार्टियां अपनी रैलियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कह रही है कि अगर तीसरी बार भाजपा सत्ता में आएगी तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, संविधान बदल दिया जाएगा और तानाशाही आ जाएगी। विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने एक इंटरव्यू में कांग्रेस पर निशाना साधा और उनके तानाशाही के आरोप को बेबुनियाद करार दिया। एएनआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इमरजेंसी लगाई थी, वे लोग हमपर तानाशाही का आरोप लगाते हैं। इमरजेंसी के उस भयावह और काले दौर का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह एक समय भावुक भी हो गए, क्योंकि उस दौरान का उनका निजी पारिवारिक अनुभव भी काफी बुरा रहा था। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बताया, ”मुझे आपातकाल के दौरान मेरी मां के अंतिम संस्कार के लिए पैरोल भी नहीं दिया गया, वो लोग हम लोगों पर तानाशाही के आरोप लगाते हैं। अपने गिरेबान में झांक कर नहीं देखते हैं।”