प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 साल में देश को हीरा दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीधी के सिहावल की सभा में हीरा का अर्थ समझाते हुए भाजपा सरकार का विजन बताया। वहीं छिंदवाड़ा में कमलनाथ व इंडी गठबंधन पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा, गठबंधन में कांग्रेस और अन्य दल भ्रष्टाचार-परिवारवाद से घिरे हैं। कमलनाथन कुलनाथ भी इसका अंग हैं। कांग्रेस ने तीनों लोक में भ्रष्टाचार किया है। न अंतरिक्ष छोड़ा, न धरती छोड़ी और न पाताल। कोयला, पनडुब्बी, हेलिकॉप्टर, राफेल, कॉमनवेल्थ गेम, टू-जी, थ्री-जी जैसे घोटाले कांग्रेस की देन हैं।इंडिया अलायंस दो बातों के लिए है। पहला भ्रष्टाचार बढ़ाने के लिए है। सारे भ्रष्टाचारी एक हो गए। दूसरा परिवार बचाने का। घोटालों में फंसे परिवार के सदस्यों को बचाने वाली सारी पार्टियां एक हो गईं। घोटाले गिनाते हुए वे बोले-गठबंधन के आधे नेता जेल में हैं या बेल पर। पहले देश में आतंकी हमले आम थे। राजनीति जातिवाद, अगड़ा-पिछड़ा पर केंद्रित थी। कांग्रेस काल में मप्र बीमारू राज्य था। इसे भाजपा सरकार ने विकास के अग्रणी राज्यों में शामिल किया। पीएम मोदी ने देने में कसर नहीं छोड़ी। ये बदलाव का दौर है तो छिंदवाड़ा को भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कमलनाथ नोट बांटकर छिंदवाड़ा जीतना चाहते हैं। वे यहां 45 साल से तपस्या नहीं कर रहे, बल्कि समस्या हैं। छिंदवाड़ा के किसी परिवार को सांसद नहीं बनने देना चाहते। अब तक जितने भी सांसद हुए, सब बाहरी हैं। छिंदवाड़ा का बेटा सांसद नहीं बना। उन्होंने अबकी बार छिंदवाड़ा पार का नारा दिया। सीएम ने आश्वस्त किया-वे छिंदवाड़ा को विकास में पीछे नहीं रखेंगे। एयरपोर्ट व कारखाना आदि देंगे।