सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 38वां मुकाबला खेला गया, जहां राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। राजस्थान की यह 7वीं जीत है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए 16 अंक चाहिए। बचे हुए 5 में से रॉयल्स एक मैच जीतकर भी प्लेऑफ में जगह पक्की कर लेगी, जो काफी आसान लग रहा है। दूसरी ओर मुंबई की यह 5वीं हार है और उनकी राह अब मुश्किल हो गई है।180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दी। मुंबई इंडियंस को पहला झटका पीयूश चावला ने दिया, जब बटलर उनकी गेंद पर बोल्ड हो गए। बटलर ने 25 गेंदों में 25 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन के साथ मिलकर जायसवाल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 19वें ओवर में उन्होंने शतक के साथ टीम को भी जीत दिला दी। जायसवाल ने नाबाद 104 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे तो संजू सैमसन भी 38 रन बनाकर नाबाद रहे।