इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 55वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से रौंद दिया। इस मुकाबले में पहले हार्दिक पंड्या ने धारदार गेंदबाजी की और फिर सूर्यकुमार यादव ने तूफानी शतक ठोक मुंबई इंडियंस को जीत दिला ही। यह लगातार 4 हार के बाद पलटन की पहली जीत है। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 173 रन बनाए। 174 रन के लक्ष्य को मुंबई ने 18वें ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और दोनों ओपनर्स सस्ते में पवेलियन लौट गए। पारी के दूसरे ओवर में ईशान किशन 9 रन बनाकर आउट हुए तो चौथे ओवर में रोहित शर्मा को पैट कमिंस ने आउट कर दिया। नमन धीर को भुवनेश्वर कुमार ने खाता भी नहीं खोलने दिया और 9 गेंद बाद 0 पर पवेलियन भेजा। इसके बाद सूर्या और तिलक वर्मा ने मिलकर मुंबई को कोई और नुकसान नहीं होने दिया और 17.2 ओवर में ही मैच खत्म कर लिया। सूर्या ने 51 गेंदों में 12 चौके और 6 छक्कों की मदद से 102 रन की नाबाद पारी खेली तो तिलक वर्मा भी 37 रनों की पारी खेली।