झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते रहे कि मोदी और भाजपा सरकार आई तो यहां की जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहां की जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहां के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि यहां के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में, माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का चुनाव प्रचार अभियान जोरों पर है। ओडिशा में लगातार दो दिन धुआंधार चुनाव प्रचार के बाद उन्होंने शुक्रवार को झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर, सिमडेगा जिले के कुरडेग और गुमला जिले के चैनपुर में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगी।जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार को घेरते हुए साय ने कहा, झारखंड की धरती खनिज संसाधन, वन संसाधन, उपजाऊ मिट्टी से भरपूर है। झारखंड में आयरन ओर का सबसे बड़ा डिपो है। लेकिन झारखंड की गठबंधन सरकार ने यहां के बेटे-बेटियों की भविष्य की बिल्कुल भी चिंता नहीं की। यहां के लाखों युवाओं को रोजगार देने की जगह संसाधनों को जमकर लूटा। ऐसे लोगों से सचेत रहना है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में 55-60 वर्षों तक एक छत्र राज किया और अनेकों राज्यों में वर्षों-वर्षों तक राज किया। लेकिन लूट-लूट कर देश को खोखला करने का काम किया। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के शासनकाल में जितने भी प्रधानमंत्री हुए लगभग सभी पर कोई न कोई घोटाले का आरोप है।