इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 47 रन से हराकर लगातार 5वीं जीत हासिल की। इस तरह वह इस सीजन में लगातार 5 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई। कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने लगातार इस सीजन लगातार 4-4 मैच जीते हैं लेकिन आज बेंगलुरु ने लगातार पांचवीं जीत हासिल कर इन तीनों टीमों को पीछे छोड़ दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। 188 रन के जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 140 रन पर ढेर हो गई।188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर बल्लेबाजी करने आए डेविड वॉर्नर कोई प्रभाव नहीं डाल पाए और 1 रन बनाकर आउट हो गए। जैक फ्रेसर मैकगर्क भी 8 गेंदों में 21 रन बनाकर चलते बने। शाई होप ने 29 रन की पारी खेली तो अक्षर पटेल ने 57 रन बनाकर मैच बचाने की कोशिश की लेकिन और कोई बल्लेबाज नहीं चला और पूरी टीम 140 के स्कोर पर ही ढह गई।