आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ सीएम हाउस में बदसलूकी के मामले में गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई। इससे पहले मालीवाल ने दिल्ली पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने देर रात एम्स में उनका मेडिकल कराया। घटना के तीन दिन बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी और एडिशनल डीसीपी नॉर्थ स्वाति के घर पहुंचे। उन्होंने करीब 4 घंटे तक स्वाति मालीवाल से सीएम हाउस में हुई घटना के बारे में जानकारी ली और उसके बाद एफआइआर दर्ज की। इस मामले में स्वाति मालीवाल ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन्होंने बयान दर्ज करा दिए है। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिभव कुमार को नोटिस भेजकर शुक्रवार को तलब किया है। इस बीच लखनऊ पहुंचे केजरीवाल ने इस संबंध में बार-बार सवाल पूछने पर भी किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। इस दौरान बिभव कुमार भी उनके साथ था।