पांचवें चरण में शाम 5 बजे तक 56.68 प्रतिशत मतदान हुआ

पांचवें चरण में शाम 5 बजे तक 56.68 प्रतिशत मतदान हुआ

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान सोमवार शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही लोकसभा की 428 सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है। इससे पहले हुए चार चरणों में 379 सीटों पर चुनाव हुआ था। पांचवें चरण में 49 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हुआ। इस चरण में उत्तर प्रदेश की लखनऊ, रायबरेली और अमेठी व महाराष्ट्र में नॉर्थ मुंबई, साउथ मुंबई जैसी चर्चित सीटों पर चुनाव हुआ। पांचवें चरण में शाम 5 बजे तक 56.68 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव आयोग की ओर से अभी अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। इस चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ रहे थे। यहां शाम 5 बजे तक 49.88 प्रतिशत मतदान हुआ। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली सीट से मैदान में थे, यहां शाम 5 बजे तक 56.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से उम्मीदवार थे, यहां शाम 5 बजे तक 46.91 प्रतिशत मतदान हुआ।अमेठी सीट से स्मृति ईरानी चुनाव लड़ रही हैं। यहां शाम 5 तक 52.68 प्रतिशत मतदान रहा। उत्तर प्रदेश की ही कैसरगंज सीट की बात करें तो यहां आंकड़े आने तक 53.92 प्रतिशत मतदान रहा। 5वें चरण में जिन 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान हुआ, उनमें बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल शामिल रहे। मतदान प्रातः 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे समाप्त हो गया। इस चरण में बुजुर्ग मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए बाहर निकले। पांचवें चरण में 85 वर्ष से अधिक आयु के 7.81 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता थे। 100 वर्ष से अधिक आयु के 24,792 मतदाता और 7.03 लाख दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *