मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर आईपीएल 2024 के फाइनल में जगह पक्की कर ली। सनराइजर्स हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 159 रन पर ही ढेर हो गई। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 160 रन के लक्ष्य को 14वें ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब कोलकाता की टीम खिताबी मुकाबले में 26 मई को मैदान पर उतरेगी तो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दूसरे क्वालीफायर्स में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु या राजस्थान रॉयल्स का सामना करेगी।160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स को रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन ने तूफानी शुरुआत दी। टी नटराजन ने गुरबाज को चौथे ओवर में आउट कर केकेआर को पहला झटका दिया तो पैट कमिंस ने 7वें ओवर में सुनील नरेन को पवेलियन की राह दिखा दी। हालांकि इसके बावजूद केकेआर की बैटिंग लाइनअप पर कोई दबाव नहीं पड़ा और वेंकटेश अय्यर ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तेजी से रन बनाना जारी रखा। दोनों बल्लेबाजों ने अपना अपना अर्धशतक पूरा किया और कोलकाता को 13.4 ओवर में जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचा दिया। श्रेयस 24 गेंदों में 4 छक्के और 5 चौकों की बदौलत 58 रन बनाकर नाबाद रहे तो वेंकटेश ने 28 गेंदों में 51 रन का नाबाद पारी खेली।