पंजाब के पटियाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर प्रहार किए। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उस समय मोदी होता तो मैं इनसे करतारपुर साहिब लेकर रहता, उसके बाद ही जवानों को छोड़ता।
पीएम मोदी ने कहा, “एक तरफ भाजपा और एनडीए है और दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों का इंडी गठबंधन है, इंडी गठबंधन जिसके पास न नेता है, ना नीयत है। एक तरफ मोदी है जो लड़ाकू विमान से लेकर एयरक्राफ्ट कैरियर तक भारत में बना रहा है, दूसरी तरफ इंडी गठबंधन है जो लिखित रूप में कहता है कि हमारे परमाणु हथियारों तक को समाप्त कर देना चाहिए। आज बुद्ध पूर्णिमा है, आज ही के दिन हमने परमाणु विस्फोट करके अपनी ताकत का परिचय करवाया था।
एक तरफ आतंकवादियों को घर में घुसकर मारने का साहस, दूसरी तरफ इंडी वाले हैं जो आतंकवादियों के एनकाउंटर पर आंसू बहाते हैं। एक तरफ मोदी सरकार है, जिसने 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है, वहीं दूसरी तरफ इंडी गठबंधन है जो कहता है कि आपकी कमाई, आपके खेत-खलिहान का आधा हिस्सा छीन लेंगे। इंडी गठबंधन समाज और देश को बांटना चाहता है। लेकिन, मोदी भारत को विकसित भारत बनाना चाहता है।”