इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के खिताबी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। शुक्रवार को चेन्नई के एमए चिंदम्बरम स्टेडियम में खेले गए दूसरे क्वालीफायर्स में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 36 रन से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 175 रन बनाए। 176 रन के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 139 रन बना सकी। इस मुकाबले में शहबाज अहमद ने 3 विकेट हासिल किए तो अभिषेक शर्मा ने 2 विकेट चटकाकर हैदराबाद को बड़ी सफलता दिलाई। अब 26 मई को फाइनल खेला जाएगा, जहां कोलकाता और हैदराबाद आमने सामने होंगी।176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टॉम कॉल्हर कैडमोर को पैट कमिंस ने आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद संजू सैमसन भी फ्लॉप रहे और 10 रन ही बना कर पवेलियन लौट गए। रियान पराग 6, अश्विन 0, शिमरन हेटमायर 4 रन बनाकर आउट हुए और राजस्थान ने 92 के स्को पर ही 6 विकेट गंवा दिए। ध्रुव जुरेल ने एक छोर से संघर्ष किया लेकिन किसी ने उनका साथ नहीं दिया और पूरी टीम 20 ओवर में 139 रन ही बना सकी। ध्रुव ने 35 गेंदों में नाबाद 56 रन की पारी खेली।