लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की 58 संसदीय सीटों और ओडिशा विधानसभा के तीसरे चरण के लिए 42 सीटों पर शनिवार को सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। इनमें दिल्ली की सात, बिहार की आठ, हरियाणा की 10, झारखंड की चार, ओडिशा की छह, उत्तरप्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू-कश्मीर की एक सीट शामिल हैं।छठे चरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, भाजपा प्रवक्ता संवित पात्रा, भोजपुरी कलाकार एवं सांसद मनोज तिवारी, भाजपा की बांसुरी स्वराज, कांग्रेस के कन्हैया कुमार, आप नेता सोमनाथ भारती, भोजपुरी गायक एवं भाजपा उम्मीदवार निरहुआ, जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद हो जाएगा।