भारतीय शेयर बाजार में लोकसभा चुनाव नतीजों के बीच भारी-भरकम गिरावट के बाद आज बुधवार 5 जून को हरे निशान में कारोबार की शुरुआत हुई है। सेंसेक्स जहां 600 अंकों से ज्यादा बढ़त लेकर खुला, वहीं निफ्टी भी 200 अंकों से ज्यादा की तेजी लेकर खुला। निफ्टी बैंक भी अच्छी तेजी पर ओपन हुआ। हालांकि, बाजार में तेज उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सुबह 9:35 बजे तक सेंसेक्स 402 अंक की तेजी के साथ 72,482 अंक पर और निफ्टी 102 अंक या 0.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,987 अंक आया। बाजार का रुझान भी सकारात्मक बना हुआ है 1,455 शेयर हरे निशान में और 481 लाल निशान में हैं। लार्जकैप के उलट मिडकैप और स्मॉलकैप में गिरावट देखी जा रही है। निफ्टी मिडकैप 100 सूचकांक 325 अंक या 0.66 प्रतिशत फिसलकर 48,825 अंक और निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांक 162 अंक या 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,529 अंक पर है।