18वीं लोकसभा को बुधवार को अपना नया अध्यक्ष मिलेगा। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी तीन लाइन का व्हिप लोकसभा के सभी सांसदों पर लागू होगा। इस व्हिप के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों को बुधवार को सदन में मौजूद रहना होगा। सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक सांसदों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। कांग्रेस सांसद और पार्टी के चीफ व्हिप कोडिकुन्निल सुरेश द्वारा यह तीन लाइन का व्हिप जारी किया गया है।गौरतलब है कि कोडिकुन्निल सुरेश लोकसभा में विपक्ष की ओर से अध्यक्ष के पद के उम्मीदवार भी बनाए गए हैं। वहीं, ओम बिरला सत्ता पक्ष की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। विपक्ष का कहना है कि वह लोकसभा अध्यक्ष पद पर सरकार का समर्थन करने को तैयार थे, लेकिन उनकी मांग थी कि सरकार बदले में उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दे।