दिल्ली में तेज बारिश के चलते ओल्ड राजेंद्र नगर के राउज IAS स्टडी सर्कल के बेसमेंट में पानी भर गया। इसमें 3 स्टूडेंट की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को जलभराव के बाद बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में कई स्टूडेंट के फंसे होने की सूचना मिली।
इसके बाद फायर ब्रिगेड और NDRF को बुलाया गया। देर रात से सुबह के बीच 2 छात्राओं और एक छात्र का शव बाहर निकाला गया। NDRF ने बताया कि 14 छात्रों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया है। रेस्क्यू खत्म हो गया है। फाइनल राउंड की सर्चिंग जारी है।
हादसे के बाद देर रात से ही स्टूडेंट ने MCD के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुबह एक प्रदर्शनकारी छात्र ने दावा किया कि 8-10 लोगों की जानें गई हैं। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा कि घटना को लेकर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि 2 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने और छात्रों के फंसने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू करने और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। AAP के विधायक दुर्गेश पाठक ने आशंका जताई कि आसपास नाला या सीवर फटने से पानी भरा होगा।