बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। देश भर में आरक्षण मुद्दे पर चल रहा विवाद अब बहुत ही ज़्यादा तूल पकड़ चुका है और इस वजह से बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन और दंगे काफी बढ़ गए हैं। इन दंगों की वजह से 300 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में शेख हसीना पर इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा था और आज उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।हिंसक माहौल के चलते शेख हसीना को देश छोड़कर भागना पड़ा।
वे सेना के विमान से रवाना हुईं। खबरों के मुताबिक उनकी बहन रेहाना भी साथ हैं। वे बंगाल के रास्ते दिल्ली पहुंच गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका विमान गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतर गया है। उसके बाद वे लंदन, फिनलैंड या दूसरे देश जा सकती हैं।बांग्लादेश के सेना प्रमुख ने कहा, “हम अंतरिम सरकार बनाएंगे, देश को अब हम संभालेंगे। आंदोलन में जिन लोगों की हत्या की गई है, उन्हें इंसाफ दिलाया जाएगा।”