प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मौके पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भले ही बिहार के जमुई में भाग लिया हो, लेकिन वह बिहार (Bihar) की धरती से पड़ोसी राज्य झारखंड को साध गए। झारखंड में विधानसभा चुनाव चल रहा है। इस चुनाव में पहले चरण का मतदान हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के मतदान को लेकर सभी दल जोर लगा रहे हैं।
आदिवासी समाज मे भगवान का दर्जा रखने वाले बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने जमुई पहुंच कर विकास योजनाओं के जरिए आदिवासी मतदाताओं को साधने की कोशिश की। उल्लेखनीय है कि भाजपा नीत एनडीए झारखंड चुनाव में आदिवासी मतदाताओं को रिझाने के लिए हर दांव पेंच को अपना रहा है। ऐसे में पीएम मोदी का यह राजनीतिक दांव काफी सधा माना जा रहा है। इस समारोह के लिए बनाए गए मंच पर बिरसा मुंडा और सिद्धू कान्हू के वंशज की उपस्थिति से भाजपा ने यह संदेश भी देने में सफल रही कि वह स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासियों की वीरगाथा को नहीं भूलने देगी।