देश के 26 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थिती सही है। अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। 3 दिन में ही मानसून ने मध्य प्रदेश के 53 जिलों को कवर कर लिया। प्रदेश में अगले 4 दिन तक बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। रविवार को पूरे प्रदेश में बारिश हुई। वहीं, सोमवार को उज्जैन में रेड, इंदौर-देवास में ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में भारी तो 10 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिन बारिश के आसार हैं। प्रदेश के 3 जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। यह चेतावनी ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिला को दी गई है।बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में ऑरेंज और 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।