मुंबई पुलिस को गुरुवार देर रात वॉट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला। इस संदेश में दावा किया गया है कि ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम का एक आतंकवादी समूह मुंबई में 14 आतंकवादियों को भेजा है। संदेश के अनुसार, ये आतंकवादी 34 गाड़ियों में 400 किलो RDX लगाकर एक बड़ा धमाका करने की योजना बना रहे हैं, जिससे एक करोड़ लोगों की जान जा सकती है।
इस धमकी के बाद, मुंबई पुलिस ने शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। यह धमकी गणेशोत्सव के अंतिम दिन (अनंत चतुर्दशी) से ठीक पहले आई है, जब लाखों श्रद्धालु गणेश विसर्जन के लिए सड़कों पर उतरते हैं। इसी वजह से सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है और कई जगहों पर तलाशी अभियान (कॉम्बिंग ऑपरेशन) चलाए जा रहे हैं।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।